
ऋषिकेश
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी 17 जुलाई को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज ऋषिकेश के जयराम आश्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों की एक बैठक हुई। जिसमें राहुल गांधी के निजी सचिव के. बी. बायजू, AICC के ज्वाइंट सेक्रेटरी मनोज त्यागी, उपनेता सदन भुवन कापड़ी सहित कई दिग्गज कांग्रेसियों ने शिरकत की। बैठक में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कार्यक्रम को लेकर युवाओं में भारी उत्साह होने का दावा किया। बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर प्रदेश भर के छात्र छात्राओं में अभूतपूर्व उत्साह है।

ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों को मिलाकर अब तक लगभग 3 लाख से अधिक छात्र छात्राएं इस कार्यक्रम के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। 20 हजार छात्रों के प्रत्यक्ष रूप से देहरादून पहुंचने की उम्मीद है। ऋषिकेश, हरिद्वार, देहरादून, गढ़वाल और कुमाऊं सहित पूरे उत्तराखंड से युवाओं का हुजूम कार्यक्रम में पहुंचेगा। युवा इस कार्यक्रम के जरिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को भी पुरजोर तरीके से उठाएंगे। नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक जनसभा नहीं है, बल्कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य जैसे गंभीर मुद्दों पर देश के मुख्य विपक्षी नेता के साथ छात्रों के सीधे संवाद का एक बड़ा मंच साबित होगा। ऋषिकेश से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कमेटियां गठित की गई हैं। कांग्रेस प्रवक्ताओं और स्थानीय नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के भगवाकरण और युवाओं के साथ हो रहे खिलवाड़ को उजागर करना भी है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा और आरएसएस ने देश के तमाम शैक्षणिक और संवैधानिक संस्थानों पर कब्जा कर लिया है। लगातार हो रहे पेपर लीक और घोटालों की वजह से देश के करोड़ों छात्रों का भविष्य अंधकार में ढकेल दिया गया है। राहुल गांधी इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों के मन की बात सुनेंगे और उनके अधिकारों की लड़ाई को संसद से सड़क तक और मजबूत करेंगे।

बैठक में यह लोग रहे मौजूद
ऋषिकेश महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र और पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह के संयोजन में आयोजित इस बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल खरोला, जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल, पूर्व प्रत्याशी जयेंद्र रमोला, महंत विनय सारस्वत, दीप शर्मा, रवि जैन, मदन मोहन शर्मा, अरविन्द जैन, मधु जोशी, पुष्पा मिश्र, अभिषेक शर्मा, सोहन लाल रतूड़ी, राजकुमार तलवार, चन्दन सिंह पंवार, कमलेश शर्मा, अभिनव मलिक, भगवान सिंह पंवार, विवेक तिवारी, अजय धीमान, मनीष जाटव, जतिन जाटव और अलका क्षेत्री सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
