oplus_8388608

ऋषिकेश
ऋषिकेश के बहुचर्चित बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण में प्रभावित स्थानीय निवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड सरकार द्वारा इस मामले को लेकर कैबिनेट में लाए गए प्रस्ताव के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है। अब उन्हें अपने आशियाने सुरक्षित होने की उम्मीद जगी है। कैबिनेट में इस प्रस्ताव के आने पर स्थानीय जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का दिल से आभार व्यक्त किया है। मामले में सकारात्मक मोड़ आने के बाद वन भूमि प्रकरण से जुड़े प्रभावित लोग और भाजपा कार्यकर्ता ऋषिकेश स्थित विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं और लोगों ने विधायक के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। लोगों ने प्रेमचंद अग्रवाल को फूलमालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका भव्य स्वागत व धन्यवाद किया।

मौके पर स्थानीय निवासियों ने कहा कि बापू ग्राम वन भूमि का मामला लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। जिससे लोग लगातार मानसिक तनाव में है। लेकिन क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने इस विषय को बेहद संजीदगी से लिया और लगातार सरकार के समक्ष पैरवी की। लोगों ने एक सुर में कहा कि विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के निरंतर प्रयासों का ही यह नतीजा है कि बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण में लोगों को इतनी बड़ी राहत मिलती हुई दिखाई दे रही है। सरकार का यह कदम क्षेत्र के विकास और यहां के निवासियों के हक में ऐतिहासिक है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति भी आभार जताया कि उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस प्रस्ताव को कैबिनेट में मंजूरी की दिशा में आगे बढ़ाया। इस मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और भारी संख्या में स्थानीय महिलाएं व युवा उपस्थित रहे।
