
ऋषिकेश
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी के मामले पर अब धार्मिक और सामाजिक संगठनों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र भटनागर ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए इसे सनातन आस्था पर चोट बताया है। राघवेंद्र भटनागर ने कहा कि अयोध्या में घटी यह घटना कोई पहली बार नहीं है जिसने मानवता और सनातन संस्कृति को शर्मसार करने का प्रयास किया हो। उन्होंने पौराणिक संदर्भों का हवाला देते हुए कहा कि अयोध्या प्रारंभ से ही कई विवादों का हिस्सा रही है। त्रेतायुग में दासी मंथरा के कारण एक कलंक लगा, तो वहीं धोबी समाज के एक व्यक्ति के बयानों के आधार पर माता सीता को वनवास भेजने जैसी परिस्थितियां बनीं। लेकिन इन तमाम ऐतिहासिक और पौराणिक कलंकों के बावजूद, सनातनी समाज की आस्था अयोध्या के प्रति न कभी टूटी है और न कभी टूटेगी। भटनागर ने इस कुकृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा किए गए इस कृत्य से पूरे देश के सनातनियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। कहा कि जिन लोगों ने भी इस पवित्र धाम में चोरी जैसे कुकृत्य को अंजाम दिया है, उन्हें न केवल सरकार द्वारा बल्कि हमारे सनातनी समाज महामंडलेश्वरों, मठाधीशों और शंकराचार्यों द्वारा भी कठोरतम दंड दिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार और सनातनी समाज से पुरजोर अपील की है कि दोषियों को ऐसी कड़ी सजा दी जाए। जिससे मंदिरों में चढ़ावा चोरी करने वालों की रूह कांप जाए।
