
ऋषिकेश
देहरादून ऋषिकेश मार्ग पर हर्रावाला पुलिस चौकी के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब सामान से लदा एक सीएनजी ट्रक अचानक धूं-धूं कर जलने लगा। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरा ट्रक आग का गोला बन गया। गनीमत यह रही कि ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाई और समय रहते चलते ट्रक से नीचे कूद गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई। मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक सीएनजी से संचालित था। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट होने के कारण सीएनजी टैंक में आग लगने की वजह से यह भीषण हादसा हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में ही लाखों का सामान और ट्रक जलकर पूरी तरह खाक हो गया। हादसे के बाद सड़क पर चल रहे वाहन चालकों मे सनसनी फैल गई। आग इतनी भयानक थी कि किसी को भी ट्रक के पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर कबाड़ हो चुका था। पुलिस फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है और मार्ग पर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया है।
