
ऋषिकेश
क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वीरभद्र महादेव मंदिर परिसर से ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, देहरादून के लिए निःशुल्क बस सेवा का शानदार शुभारंभ किया गया। इस सेवा की शुरुआत परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती मुनि ने हरी झंडी दिखाकर की। यह बस सेवा प्रत्येक सप्ताह के सोमवार और गुरुवार को प्रातः 8:30 बजे वीरभद्र मंदिर से मरीजों को लेकर ग्राफिक एरा हॉस्पिटल जाएगी। जहां मरीजों को ओपीडी में पूर्णतः निःशुल्क उपचार मिलेगा। बस सेवा का शुभारंभ करते हुए स्वामी चिदानन्द सरस्वती मुनि ने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने इस पहल को आस्था से आरोग्य तक की यात्रा बताते हुए कहा कि ग्राफिक एरा हॉस्पिटल द्वारा शुरू की गई यह बस सेवा देवभूमि की जनता के लिए वरदान सिद्ध होगी। निःशुल्क उपचार भगवान का ही रूप है। वीरभद्र महादेव मंदिर के प्रबंधक रघुवीर गिरी महाराज ने इसे नर सेवा ही नारायण सेवा का सच्चा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि महादेव के आंगन से इस जनसेवा का प्रारंभ होना गौरव की बात है। मंदिर परिसर से बस चलने के कारण क्षेत्र के बुजुर्गों, माताओं और बहनों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें इसका सीधा लाभ मिलेगा। मंदिर समिति इस कार्य में पूरा सहयोग करेगी। ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान ने ग्राफिक एरा हॉस्पिटल प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि यह बस सेवा स्वास्थ्य सुविधा की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने नगर निगम की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। जिला महामंत्री प्रतीक कालिया ने इस पहल को प्रधानमंत्री के स्वस्थ भारत के संकल्प से जोड़ते हुए कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र की जनता को निःशुल्क ओपीडी सुविधा मिलना बेहद सराहनीय है। इस ऐतिहासिक शुरुआत के अवसर पर लायंस क्लब से नरेंद्र चौहान, साकेत उनियाल, मोहन सिंह बिष्ट, प्रोफेसर बी एस बिष्ट, डॉ सुभाषु सिंह, कुलदीप सिंह, जुगल रेसले और गौरव उनियाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और भारी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे
