
ऋषिकेश
अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में कथित जमीन घोटाले, चंदा चोरी और दानपात्र से चोरी के मामलों को लेकर ऋषिकेश में सियासत गरमा गई है। इन घटनाओं को श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ बताते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज त्रिवेणी घाट स्थित प्राचीन रघुनाथ मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। नेताओं का कहना था कि यह पाठ प्रभु श्री राम के परम भक्त हनुमान जी की आराधना और ऐसी संकीर्ण सोच रखने वाले लोगों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना के उद्देश्य से किया गया है।
‘राम किसी एक दल या संगठन की संपत्ति नहीं’
इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण और पीसीसी सदस्य जयेन्द्र चंद रमोला ने संयुक्त रूप से कहा कि अयोध्या श्री राम मंदिर से जुड़े मामलों में पहले भूमि खरीद विवाद, फिर चंदे के प्रबंधन पर सवाल और अब दानपात्र से चोरी की खबरों ने देशभर के करोड़ों राम भक्तों को आहत किया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक दल या संगठन की संपत्ति नहीं हैं, बल्कि पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं। इसलिए मंदिर के धन और दान प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए। हमारी मांग है कि केंद्र और राज्य सरकार इन मामलों की निष्पक्ष व समयबद्ध जांच कराए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
‘बड़ी मछलियों’ को बचाने की न हो कोशिश, सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में हो जांच
जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह (एडवोकेट) ने सुरक्षा व्यवस्था में चूक पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की जनता जानना चाहती है कि इन घटनाओं की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने अंदेशा जताया कि कहीं छोटी मछलियों को फंसाकर बड़े मगरमच्छों को बचाने की कोशिश न की जाए। महानगर कांग्रेस कमेटी, स्थानीय श्रद्धालुओं और संत समाज ने सरकार से मांग की है कि इस पूरे संवेदनशील मुद्दे की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई (CBI) द्वारा कराई जाए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
भारी संख्या में उमड़े श्रद्धालु और कार्यकर्ता
हनुमान चालीसा पाठ के इस कार्यक्रम में स्थानीय साधु-संतों और मातृशक्ति सहित भारी संख्या में राम भक्त मौजूद रहे। प्रमुख रूप से मदन मोहन शर्मा, चंदन पंवार, बैशाख पयाल, राकेश अग्रवाल, ललित मोहन मिश्रा, मदन शर्मा, राजेंद्र कोठारी, मनोज गुसाईं, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, भगवान पंवार, सरोजनी थपलियाल, पुष्पा मिश्रा, मधु जोशी, रुकम पोखरियाल, अशोक शर्मा, ऋषि सिंघल, संजय शर्मा, गौरव यादव, परमेश्वर राजभर, सुमित चौहान, प्रवीण गर्ग, कमला प्रधान, रजनीकांत कुमार, बप्पी अधिकारी, राजेश शर्मा, रवि थापा, हिमांशु जाटव, हिमांशु कश्यप, आदित्य परमार, शुभम, और आदित्य झा आदि उपस्थित रहे।
