
ऋषिकेश
जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए देहरादून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान जंगलात बैरियर के पास से एक कार सवार युवक को भारी मात्रा में अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली है। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली ऋषिकेश पुलिस क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। आज जंगलात बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोका। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके भीतर से 14 पेटी ट्रेटा पैक (कुल 630 ट्रेटा पैक) देशी शराब बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान अशोक रूहेला के रूप में हुई है। आरोपी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत 164 ओम विहार अजबपुर कला का निवासी है। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अशोक रूहेला के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कहना है कि क्षेत्र में नशे के सौदागरों और तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।
