
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट मुनीकीरेती में घूमने आई उत्तर प्रदेश की एक युवती के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर हरियाणा के गुरुग्राम में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसे अब घटना स्थल के अधिकार क्षेत्र के अनुसार मुनीकीरेती थाने ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया की रहने वाली और वर्तमान में गुरुग्राम में रह रही 23 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 7 जून को 8 लोगों के एक ग्रुप के साथ ऋषिकेश घूमने आई थी। युवती के अनुसार, ऋषिकेश के मुनीकीरेती क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरने के दौरान ग्रुप में शामिल दो युवकों सलेंदर उर्फ अंकित और सचिन ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। नशीला पदार्थ पीने के बाद जब वह बेहोश हो गई, तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ जबरदस्ती की और शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने बताया कि घटना के समय वह पूरी तरह अचेत थी। अगले दिन होश में आने के बाद उसे अपने साथ हुई इस दरिंदगी का अहसास हुआ। ऋषिकेश से वापस लौटने के बाद उसने आपबीती अपने परिजनों को बताई और गुरुग्राम के सिविल लाइंस थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चूंकि मामला उत्तराखंड के मुनीकीरेती थाना क्षेत्र का था, इसलिए गुरुग्राम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ‘जीरो एफआईआर दर्ज की और मामले की डायरी और प्राथमिक जांच रिपोर्ट मुनीकीरेती पुलिस को भेज दी। मुनीकीरेती के थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गुरुग्राम से ट्रांसफर होकर आई एफआईआर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक विशेष टीम ने उस होटल और घटना स्थल की जांच शुरू कर दी है जहाँ युवती रुकी थी। नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
