
ऋषिकेश
ऋषिकेश के जानकी झूला क्षेत्र में परिवहन नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वाले निजी वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बाइक रेंटल यूनियन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ARTO ऋषिकेश ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 10 प्राइवेट वाहनों को कमर्शियल उपयोग में पकड़े जाने पर सीज किया गया। बता दे कि जानकी झूला क्षेत्र में लंबे समय से निजी प्राइवेट वाहनों द्वारा अवैध रूप से यात्रियों को लाने-ले जाने का काम किया जा रहा है। जिससे कमर्शियल वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान हो रहा है और सरकार को भी राजस्व की हानि हो रही है। आज ARTO ऋषिकेश की टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कई वाहन परिवहन नियमों की धज्जियां उड़ाते पाए गए। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए 10 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

इस कार्रवाई का बाइक रेंटल यूनियन ने पुरजोर स्वागत किया है। यूनियन के अध्यक्ष अंकित गुप्ता और पदाधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से चल रहे निजी वाहनों के कारण अधिकृत रूप से परिवहन व्यवसाय से जुड़े वैध व्यवसायियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। यूनियन ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि भविष्य में भी इस प्रकार के चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं। ताकि अवैध संचालन पर पूरी तरह रोक लग सके। ARTO रश्मि पंत ने बताया कि परिवहन नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों को ताक पर रखकर व्यावसायिक गतिविधि करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सभी वाहन संचालक जिम्मेदारी से नियमों का पालन करें। इस दौरान बाइक रेंटल यूनियन ऋषिकेश के अध्यक्ष अंकित गुप्ता, सचिव आशीष रयाल, राजू रस्तोगी, विनोद जेठूडी सहित कई पदाधिकारी और चालक मौजूद रहे।
