
ऋषिकेश
थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रांतर्गत डबल ट्रिपल बीच पर फोटो खींचने के दौरान उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी दो युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। यह बीच पूर्णतः प्रतिबंधित क्षेत्र है फिर भी चार दोस्त यहां घूमने चले गए। पुलिस के मुताबिक गंगा किनारे फोटो खींचते समय दो युवक अचानक संतुलन खोकर पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। साथियों के बचाने के प्रयास के बावजूद दोनों नदी में डूब गए। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि डूबने वाले युवकों की पहचान मोहम्मद फैज़ान और मोहम्मद कैफ निवासी: नौगावां जनपद अमरोहा, उत्तर प्रदेश है। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने डीप डाइवर्स और आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से गहन सर्च अभियान शुरू कर दिया है। फिलहाल दोनों का गंगा में कुछ पता नहीं चला है। बताया जा रहा है कि बकरा ईद से पहले इस हादसे से दोनों परिवारों के घर कोहराम मचा हुआ है। प्रशासन ने सभी पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से पुनः अपील की है कि वे प्रतिबंधित घाटों और असुरक्षित स्थानों पर स्नान या फोटो खींचने के लिए न जाएं। गंगा किनारे बरती गई थोड़ी सी भी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
