
ऋषिकेश
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुगम, सफल और सुरक्षित बनाने के लिए परिवहन विभाग लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में यात्रियों की सुरक्षा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष वाहन को ऋषिकेश के चार धाम यात्रा ट्रांजिट कैंप कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर यात्रा मार्ग पर रवाना किया गया है। उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा महापौर शंभू पासवान ने वाहन को हरी झंडी दिखाइ है। इस पहल के संबंध में उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि चारधाम यात्रा को श्रद्धालुओं के लिए सरल, सफल और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। यात्रियों को रोड सेफ्टी और यात्रा के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष वाहन को रवाना किया गया है, जो पूरे यात्रा मार्ग पर घूमकर लोगों को आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराएगा। जागरूकता अभियान के तहत यात्रियों को एक विशेष सेफ्टी किट दी जा रही है। इस किट में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पॉलिथीन और प्लास्टिक की बोतलों को रखने के लिए एक विशेष बैग, यात्रा के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने या उल्टी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए आवश्यक दवाइयां और वोमिट बैग दिया जा रहा है। परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार की टीमें लगातार ट्रांजिट कैंपों का निरीक्षण कर रही हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए ठंडे व मीठे पानी के साथ-साथ जगह-जगह भंडारे की भी उचित व्यवस्था की गई है।
