
ऋषिकेश
आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एम्स ऋषिकेश के डॉक्टरों की टीम द्वारा एक दिवसीय लीवर परीक्षण एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कॉलेज के 70 छात्र-छात्राओं सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के स्वास्थ्य की जांच आधुनिक मशीनों के द्वारा की गई। सामुदायिक एवं पारिवारिक चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. वर्तिका सक्सेना की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में जांच टीम में डॉ. अजीत सिंह भदौरिया की टीम ने सहयोग किया। डॉक्टरों की टीम में बताया कि जांच में कई छात्रों और अध्यापकों के लीवर फैटी पाए गए हैं। उन्हें लिवर को सुरक्षित करने के टिप्स और खान पान की दिनचर्या में बदलाव करने का सुझाव दिया गया है।

उन्होंने बच्चों को संतुलित आहार लेने, जंक फूड से बचने और नियमित व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने एम्स के डॉक्टरों का आभार जताते हुए डॉक्टर की टीम को स्मृति चिन्ह और पटका पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने बताया कि शिविर लगाने का उद्देश्य छात्रों को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम का संचालन जीव विज्ञान के प्रवक्ता एवं गृह परीक्षा प्रभारी रामगोपाल रतूड़ी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

शिविर के माध्यम से बच्चों को न सिर्फ अपनी सेहत का हाल जानने का मौका मिला, बल्कि उन्हें भविष्य में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सीख भी मिली। कार्यक्रम में वॉइस प्रिंसिपल नागेंद्र पोखरियाल और स्कूल के स्टाफ के साथ डॉ. जीवन ज्योति, डॉ. कंचन, डॉ. हेमंत, डॉ. दीक्षा, डॉ. निरंजन, डॉ. दिशांत, डॉ. अमित और डॉ. क्षितिज व अन्य वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।
