
ऋषिकेश
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और यात्रियों की सुविधा के लिए ऋषिकेश में एक बड़ी पहल की शुरुआत की गई है। देहरादून रोड स्थित बालाजी बगीचे के बाहर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और महापौर शंभू पासवान ने नए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया है। मंत्री और महापौर ने कहा कि इस चार्जिंग स्टेशन के स्थापित होने से चार धाम यात्रा और टूरिस्ट प्लेस पर आने वाले परेड को के साथ लोकल लोगों को ई वाहन चार्ज करने में सुविधा मिलेगी। नगर आयुक्त के अनुसार, ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत कुल 10 स्थानों को चार्जिंग स्टेशन के लिए चिन्हित किया गया है। इसके लिए कैशियो ड्राइव के साथ पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर एक समझौता हुआ है। अनुबंध के तहत न्यूनतम 7 और अधिकतम 10 स्थानों पर ये स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

वर्तमान में शहर के दो सबसे व्यस्ततम इलाकों में चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया है। देहरादून रोड स्थित बालाजी बगीचे के बाहर और एम्स के बाहर जहां सबसे ज्यादा भीड़-भाड़ रहती है। यह सभी चार्जिंग पॉइंट फास्ट चार्जिंग तकनीक पर आधारित हैं। इनके जरिए मुख्य रूप से आम जनता और पर्यटकों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले छोटे यात्री वाहनों को चार्ज किया जाएगा। इसमें दोपहिया वाहन और चौपहिया वाहन शामिल हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर बड़े वाहनों को भी यहां चार्ज करने की सुविधा मिल सकेगी। नगर आयुक्त ने बताया कि अभी तक दिल्ली या अन्य दूर-दराज के शहरों से ऋषिकेश या चारधाम यात्रा पर आने वाले पर्यटकों को अपने इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग को लेकर चिंता रहती थी। नगर निगम की इस पहल से अब देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। वे बिना किसी असुविधा के अपने EV वाहनों के साथ सफर कर सकेंगे। नगर निगम के अनुसार शेष चिन्हित स्थानों पर भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है।
