
मुनिकीरेती
मां गंगा के पावन तटों की धार्मिक मर्यादा भंग करने और सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ टिहरी पुलिस का एक्शन एक बार फिर देखने को मिला है। पुलिस ने शिवपुरी बीच पर हुड़दंग मचा रहे 6 लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से दो आलीशान गाड़ियां सीज कर दी हैं। कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि एक पर्यटक ने शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार को सूचना दी कि गंगा किनारे कुछ लोग अपनी थार गाड़ी के ऊपर बैठकर सरेआम शराब पी रहे हैं। धार्मिक और शांत वातावरण में इस तरह की हरकत की खबर मिलते ही कोतवाली मुनि की रेती पुलिस बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंची। देखा कि कुछ हुड़दंगी गंगा तट की मर्यादा को ताक पर रखकर गाड़ी के ऊपर बैठकर शराब का सेवन कर रहे है। जिससे वहां मौजूद अन्य लोगों की शांति और धार्मिक भावनाएं आहत हो रही थीं। पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए 6 आरोपियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इसके साथ ही हुड़दंग में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा थार और मारुति ब्रीजा कार को मौके पर ही सीज कर दिया।
SSP श्वेता चौबे के सख्त निर्देश
एसएसपी श्वेता चौबे ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि मां गंगा के तटों की पवित्रता और सार्वजनिक शांति को भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
टिहरी पुलिस की अपील
“मां गंगा की पवित्रता, धार्मिक आस्था और सार्वजनिक मर्यादाओं का सम्मान करें। धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। मर्यादा तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
