
ऋषिकेश
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। ऋषिकेश के चार धाम यात्रा ट्रांजिट कैंप कार्यालय परिसर में देश के कोने-कोने से पहुंच रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगातार उमड़ रही है। तीर्थयात्रियों की इस भारी आमद के बीच, उनकी सेवा के लिए स्थानीय समाजसेवी और संगठन भी पूरी मुस्तैदी से आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में, राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक सराहनीय पहल शुरू की गई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र भटनागर की टीम ने ट्रांजिट कैंप परिसर में यात्रियों के लिए निशुल्क भोजन और पानी की व्यवस्था शुरू की है। भंडारे का शुभारंभ मुख्य रूप से स्थानीय पार्षद राजू बिष्ट, सुरेंद्र सिंह नेगी और संगठन के तमाम सहयोगियों द्वारा किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र भटनागर ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इसी रास्ते पर चलते हुए उनकी टीम काम कर रही है। देश के दूर-दराज के क्षेत्रों से आ रहे श्रद्धालु हमारे अतिथि हैं। भोजन और पानी की सेवा से उन्हें तृप्त करना हमारा सौभाग्य है। संगठन की ओर से दावा किया गया है कि ट्रांजिट कैंप में जब तक श्रद्धालुओं की भीड़ आती रहेगी, तब तक यह निशुल्क भोजन व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी। सहयोगियों के सहयोग से अब प्रतिदिन यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जाएंगे, ताकि लंबी यात्रा तय कर आ रहे श्रद्धालुओं को घर जैसा भोजन मिल सके। इस व्यवस्था के शुरू होने से चार धाम रूट पर आए हजारों तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय प्रशासन और यात्रियों ने भी संगठन के इस सेवा भाव की सराहना की है।
