
ऋषिकेश
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस (सतर्कता अधिष्ठान) की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। ताजा मामले में देहरादून विजिलेंस की टीम ने ऋषिकेश के पशुलोक बैराज में तैनात जूनियर इंजीनियर (JE) फैसल खान को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक ठेकेदार से टेंडर के भुगतान (पेमेंट) के एवज में इस अवैध रकम की मांग की थी। जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता सरकारी विभाग में टेंडर का काम करता है। उसने पशुलोक बैराज, ऋषिकेश में एक टेंडर डाला था। इस कार्य के भुगतान के बदले वहां तैनात JE फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन, निवासी- कटोरतल, थाना काशीपुर, उधमसिंह नगर द्वारा लगातार मोटी रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने प्राथमिक जांच की, जिसमें शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए गए। इसके तुरंत बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान, देहरादून में आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। गुरुवार को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी JE फैसल खान को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की नगद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। इस सफल कार्रवाई के बाद निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरुगेशन ने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत सतर्कता अधिष्ठान से संपर्क करें। विजिलेंस निदेशक ने जोर देकर कहा कि सजग नागरिक बनकर ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रहे इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। फिलहाल आरोपी JE के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसके अन्य ठिकानों की भी जांच हो सकती है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नम्बर इस प्रकार है।
टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर: 1064
व्हाट्सएप (Whatsapp)
हेल्पलाइन: 9456592300
