
चंबा
जनपद टिहरी गढ़वाल में अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी पर लगाम और चारधाम यात्रा को सुगम बनाने के लिए एसएसपी श्वेता चौबे पूरी तरह सख्त हो गई है। पुलिस लाइन चंबा में आयोजित मासिक अपराध के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने कड़े तेवर दिखाते हुए स्पष्ट किया कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने जनपद में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम करने के निर्देश दिए हैं। इस बैठक की खास बात यह रही कि दूरस्थ क्षेत्रों के थाना प्रभारियों ने इसमें ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभाग किया। एसएसपी ने पुलिस कर्मियों की समस्याओं को भी सुना और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 46 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एम्पलाई ऑफ़ द मंथ के सम्मान से नवाजा गया। बैठक के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने जनपद की कानून व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, महिला व साइबर अपराध, और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पुलिस विभाग को पीड़ित केंद्रित और संवेदनशील पुलिसिंग को प्राथमिकता देने की हिदायत दी।

एसएसपी द्वारा जारी मुख्य दिशा-निर्देश:
चारधाम यात्रा और यातायात: चारधाम यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिसकर्मी कड़ी मेहनत से ड्यूटी करें। यात्रियों और श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील व्यवहार हो, साथ ही ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के स्वास्थ्य और सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाए।
नशे और हुड़दंग पर वार: अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। मां गंगा के पावन तटों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाएगी।
आपदा प्रबंधन की तैयारी: मानसून और यात्रा सीजन को देखते हुए आपदा से निपटने की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए ग्राम प्रहरियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिकायतों का त्वरित निस्तारण: सीएम हेल्पलाइन, सीनियर सिटीजन पोर्टल और ‘अपनी सरकार पोर्टल’ पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उत्तराखंड पुलिस ऐप और डायल-112 पर तुरंत रिस्पॉन्स दिया जाए।
अपराध नियंत्रण: महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई, अज्ञात शवों की शत-प्रतिशत शिनाख्त और गुमशुदा लोगों की जल्द से जल्द बरामदगी के कड़े निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं का डाटा समय से i-RAD ऐप पर अपलोड करने को कहा गया है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सिंह, क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा, क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार, SDRF दलनायक कविंद्र सजवान, प्रतिसार निरीक्षक अमित कुमार सहित जनपद के समस्त थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
