
ऋषिकेश
ऋषिकेश के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज एक अनोखी पहल करते हुए ई-रिक्शा के माध्यम से एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट किया कि कार्यालय में आने वाले स्थानीय नागरिकों और चारधाम यात्रा पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने व्यवस्थाओं को और अधिक जन अनुकूल बनाने के निर्देश भी दिए। एआरटीओ रावत सिंह कटिहार को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतीक्षालय में बैठने की क्षमता को तुरंत बढ़ाया जाए और चिलचिलाती गर्मी को देखते हुए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आमजन की सहूलियत के लिए कार्यालय में अधिकारियों के नाम, पदनाम और महत्वपूर्ण स्थलों की जानकारी देने वाले स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएं। लोगों को लंबी लाइनों में खड़े होने की असुविधा से बचाने के लिए कार्यालय में जल्द से जल्द टोकन सिस्टम लागू करने को कहा, जिससे पूरी व्यवस्था सुव्यवस्थित हो सके। निरीक्षण के दौरान विधायक ने लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक और चारधाम यात्रा के लिए अनिवार्य ग्रीन कार्ड से संबंधित जानकारियों की समीक्षा की। उन्होंने बाहर से आए तीर्थयात्रियों से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने। इसके साथ ही, काफी समय से बनकर तैयार खड़े एटीएस (ATS) केंद्र को जल्द शुरू करने के संबंध में उन्होंने संयुक्त सचिव एस.के. सिंह से दूरभाष पर सीधे वार्ता की और आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। इस औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारी दीपक पांडे, नवीन सकलानी सहित ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, पूर्व पार्षद सोनू पांडे, युवा मोर्चा महामंत्री हर्ष पाल और समाजसेवी अखिलेश मित्तल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
