
ऋषिकेश
रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में आज महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों तथा कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
‘अच्छे दिनों’ के वादे पर जनता के साथ हुआ छल: कांग्रेस नेतृत्व
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे महानगर अध्यक्ष एडवोकेट राकेश सिंह एवं पीसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश का आम नागरिक जिस सबसे बड़ी समस्या से जूझ रहा है, वह है लगातार बढ़ती महंगाई है। रसोई गैस से लेकर पेट्रोल-डीजल, खाद्य पदार्थों से लेकर शिक्षा और इलाज तक—हर चीज आम आदमी की पहुँच से दूर होती जा रही है। सरकार केवल विज्ञापनों और भाषणों से जनता का पेट भरने की कोशिश कर रही है।
महिला नेत्री पुष्पा मिश्रा व मधु जोशी ने रसोई के बिगड़ते बजट पर चिंता जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से ‘अच्छे दिनों’ का वादा किया था, लेकिन आज मध्यम वर्ग और गरीब परिवार अपने घर का बजट संभालने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की जरूरत की चीजें (दाल, तेल, सब्जियां) लगातार महंगी हो रही हैं, जिससे आम जनता की जेब खाली हो चुकी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल सस्ता, फिर भारत में क्यों है महंगा?
महानगर अध्यक्ष एससी प्रकोष्ठ सूरत सिंह कोहली एवं पार्षद देवेंद्र प्रजापति ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) की कीमतें कम हुईं, तब भारत में पेट्रोल और डीज़ल के दाम उसी अनुपात में क्यों नहीं घटाए गए। नेताओं ने आरोप लगाया कि बीते वर्षों में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल पर भारी टैक्स बढ़ाकर मुनाफा कमाया, लेकिन मुश्किल समय में उस मुनाफे का उपयोग जनता को राहत देने के लिए नहीं किया जा रहा है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से हर आवश्यक वस्तु की कीमत आसमान छू रही है।
प्रदर्शन में ये रहे मुख्य रूप से शामिल
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि सरकार तुरंत टैक्स में कटौती करे और पेट्रोल-डीज़ल के दाम कम कर आम जनता को राहत दे। इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में भारी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से वरिष्ठ कांग्रेसी मदन मोहन शर्मा, चंदन सिंह पंवार, अरविंद जैन, प्रदीप जैन, राकेश अग्रवाल, ललित मोहन मिश्रा, मनोज गुसाईं, देवेंद्र प्रजापति, भगवान सिंह पंवार, पुष्पा मिश्रा, मधु जोशी, रुकम पोखरियाल, बृजभूषण बहुगुणा, सिंग राज पोसवाल, हरि नेगी, संजय भारद्वाज, जगजीत सिंह, गौरव यादव, भूपेंद्र राणा, सुमित चौहान, सुमन, ममता देवी, सीता देवी, लालमनी देवी, विश्वजीत अधिकारी, सौरभ वर्मा, हिमांशु जाटव, मानव रावत, और नसीम आदि शामिल रहे।
