
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश में एम्स के गेट नंबर 2 के पास देर रात एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हरियाणा रजिस्ट्रेशन नंबर की यह कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई सूचना पुलिस को नहीं मिली है।
सुबह जाम लगने पर चला पता
घटना देर रात की बताई जा रही है, इसलिए रात के वक्त किसी को हादसे की भनक नहीं लगी। सुबह जब सड़क पर लंबा जाम लगने लगा, तब पुलिस मौके पर पहुंची और इस दुर्घटना का पता चला। पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर कार को रास्ते से हटाने का प्रयास किया ताकि यातायात सुचारू किया जा सके।
नशे में होने की आशंका
एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने बताया कि शुरुआती जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखकर ऐसा लग रहा है कि कार चालक शायद नशे की हालत में रहा होगा। अत्यधिक गति या नियंत्रण खो देने की वजह से कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी।

रजिस्ट्रेशन नंबर से जांच शुरू, मोबाइल नंबर बंद
पुलिस कार के नंबर के आधार पर मालिक और चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है। चौकी प्रभारी के मुताबिक कार हरियाणा की है और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए पुलिस ने वाहन की पूरी डिटेल निकाल ली है। हालांकि, रजिस्ट्रेशन में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसा आखिरकार कैसे हुआ और कार में कितने लोग सवार थे, इसका सटीक पता लगाने के लिए पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति साफ हो जाएगी।
