
ऋषिकेश
पूर्व ग्राम प्रधान ऋषिकेश स्वर्गीय प्रेम सिंह बिष्ट की 77वीं जयंती के अवसर पर सूर्य किरण वैलफेयर सोसायटी ने एक सम्मान समारोह का आयोजन किया। विस्थापित कॉलोनी इंद्रानगर ऋषिकेश स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप एक एक हजार रुपये के चेक और सम्मान पत्र प्रदान दिए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय प्रेम सिंह बिष्ट के चित्र पर पुष्पांजलि एवं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। पूरे आयोजन में समाजसेवा, शिक्षा और युवा प्रेरणा का एक विशेष संदेश देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र भटनागर ने कहा कि युवा पीढ़ी ही राष्ट्र का भविष्य है और शिक्षा समाज को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। छात्रों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और दूसरे बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। सूर्य किरण वैलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डी.बी.पी.एस. रावत ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम शिक्षा ही है। इसी आधार पर वह समय-समय पर अपने पुरातन छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर इस सेवा कार्य को आगे बढ़ाते हैं।

विशिष्ट अतिथि पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट एवं पार्षद संजय प्रेम सिंह बिष्ट ने अपने पिता स्व. प्रेम सिंह बिष्ट का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने सदैव जनसेवा और समाजहित को प्राथमिकता दी थी और आज उनके उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए शिक्षक नरेन्द्र खुराना ने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के मार्गदर्शन में समय-समय पर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया जाता है, जिसके तहत आज कुल 21 हजार रुपये की धनराशि के चेक वितरित किए गए। इस समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में वरुण जुनेजा, राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी के निदेशक राजेन्द्र प्रसाद पांडेय, ओम प्रकाश गुप्ता, शिवेंद्र ध्यानी, शिक्षक राम सिंह पंवार, सुरेंद्र सिंह नेगी, विकास नेगी, रंजन अन्थवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम सामाजिक समरसता, शिक्षा प्रोत्साहन एवं श्रद्धाभाव के अत्यंत गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ।
