
ऋषिकेश
अखिल भारतीय सनातन संगठन ने अपने संगठन का विस्तार करते हुए देवभूमि उत्तराखंड के ऋषिकेश निवासी व वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. राजे नेगी को राष्ट्रीय संगठन मंत्री के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेंद्र सिंह द्वारा की गई है। डॉ. राजे नेगी की इस नियुक्ति पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि डॉ. नेगी को यह जिम्मेदारी उनके द्वारा सनातन सेवा के प्रति दिए गए समर्पण, संगठन के हित में किए गए कार्यों और प्रचार-प्रसार के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. राजे नेगी के कुशल नेतृत्व, दीर्घकालिक अनुभव और समाजसेवा के प्रति उनके जज्बे से संगठन को एक नई दिशा मिलेगी और देश भर में संगठन को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी। डॉ. राजे नेगी की इस नियुक्ति से संगठन के कार्यकर्ताओं और सनातन धर्म प्रेमियों में भारी हर्ष का माहौल है। जानकारों का मानना है कि इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के कार्यों को गति मिलेगी और जमीनी स्तर पर संगठन को सुदृढ़ करने में एक नई ऊर्जा का संचार होगा। डॉ. नेगी को राष्ट्रीय स्तर पर यह जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड का मान भी बढ़ा है। अपनी इस नियुक्ति पर संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. राजे नेगी ने कहा कि राष्ट्रीय संगठन मंत्री जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए वह संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और समस्त केंद्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करते है। सनातन धर्म केवल एक पूजा पद्धति नहीं, बल्कि हमारी जीवन पद्धति और विश्व कल्याण का मार्ग है। उनकी पहली प्राथमिकता देश के कोने-कोने तक संगठन का विस्तार करना और सनातन संस्कृति के गौरवशाली मूल्यों से आज की युवा पीढ़ी को जोड़ना है।
