
ऋषिकेश
अब बड़ी खबर ऋषिकेश से है जहां श्यामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत खदरी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक झोपड़ी में भीषण आग लगने के कारण उसमें रह रहे 74 वर्षीय बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है। श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि आज दोपहर करीब दो बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि खदरी पॉलिटेक्निक के पास एक झोपड़ी में आग लगी है। सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक मनोज रावत, हेड कांस्टेबल कुलदीप और कांस्टेबल अशोक तुरंत मौके पर पहुंचे।

मौके पर फायर सर्विस की टीम ने स्थानीय जनता और ग्राम प्रधान की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी पूरी तरह राख हो गई। जब मलबे की तलाशी ली गई, तो अंदर एक व्यक्ति का शव पूरी तरह झुलसी हुई अवस्था में बरामद हुआ। मौके पर मौजूद परिजनों ने मृतक की पहचान 74 वर्षीय मंगत सिंह निवासी खदरी खड़क माफ के रूप में की। परिजनों के अनुसार मृतक झोपड़ी में अकेले रहते थे। संभवत शॉर्ट सर्किट की वजह से झोपड़ी में आग लगी और उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। मृतक के तीन पुत्रों ने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि वे इस मामले में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्यवाही या पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। परिजनों ने इसे एक आकस्मिक दुर्घटना माना है।
