
ऋषिकेश
ऋषिकेश कोतवाली की श्यामपुर पुलिस ने एक पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसे पुलिस ने मुकदमे के आधार पर कोर्ट में पेश करने के लिए भेज दिया है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि 10 मई की रात लगभग 11:40 बजे गुमानीवाला स्थित ओम विहार कॉलोनी में रहने वाले पूर्व सैनिक राय सिंह बिष्ट के घर में एक युवक दीवार फांदकर जबरन दाखिल हो गया। आरोपी ने न केवल पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की, बल्कि विरोध करने पर उनका मोबाइल फोन भी छीनकर फेंक दिया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी की टीम ने साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष को उसी के निवास स्थान गली नंबर 5, ओम विहार कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों और अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
