
ऋषिकेश
रोटरी ऋषिकेश क्लासिक क्लब द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत मनी राम रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर 8 में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने विद्यालय के लगभग 60 छात्र-छात्राओं को स्कूली बैग वितरित किए। नया बैग पाकर बच्चों के चेहरों पर अनमोल मुस्कान दिखाई दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब के अध्यक्ष संजय सकलानी ने कहा कि बच्चे ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्हें बेहतर शिक्षा प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के साथ क्लब ने बच्चों की पढ़ाई में सहायता हेतु बैग वितरित करने का निर्णय लिया। क्लब के सचिव विजय रावत ने बच्चों के प्रति स्नेह और देखभाल की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर जो मुस्कान आज बैग पाकर दिखी है, वह वास्तव में अनमोल है। हमारा लक्ष्य बच्चों को मानसिक और संसाधनों के रूप में इतना सशक्त बनाना है कि वे बड़े होकर अपने पैरों पर खड़े हो सकें।

रोटरी क्लासिक के कोषाध्यक्ष हिंमाशू गुप्ता ने बताया कि एक नया क्लब होने के बावजूद संस्था निरंतर निर्धन व जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए प्रयासरत है। भविष्य में भी बच्चों के बेहतर कल के लिए इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. राजे नेगी द्वारा किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के एक्जीक्यूटिव सचिव राकेश अग्रवाल, सौरव वर्मा, सौरव शर्मा, प्रधानाचार्या वंदना गैरोला, वंदना शर्मा, लतिका तिवाड़ी एवं समस्त शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
