
ऋषिकेश
विश्व प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब की वार्षिक यात्रा 2026 का बिगुल बज चुका है। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इस वर्ष की यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था बुधवार, 20 मई 2026 को ऋषिकेश से रवाना होगा। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारे में सुबह 10 बजे एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में जत्थे का नेतृत्व करने वाले ‘पंज प्यारों’ का विशेष सम्मान किया जाएगा और उन्हें अरदास के साथ यात्रा के लिए विदा किया जाएगा। इस पावन अवसर पर उत्तराखंड और देश की कई नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी। मुख्य अतिथियों की सूची में उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और दिल्ली के उप राज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू और तमाम कैबिनेट मंत्री शामिल है।

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों को इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए सादर आमंत्रित किया है।
