
ऋषिकेश
ऋषिकेश-देहरादून मार्ग पर काली मंदिर के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां ओवरटेक करने के चक्कर में दो बसों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई है। जिसकी चपेट में एक कार भी आई है। इस दुर्घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए है। पुलिस की प्राथमिक जांच के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब देहरादून की ओर से आ रही विश्वनाथ सेवा की बस एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान वह सामने से आ रही श्रद्धालुओं की बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पास से गुजर रही एक कार भी इसकी चपेट में आ गई। कार सवार तीन गंभीर घायलों को तत्काल जॉली ग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। बसों में सवार दो अन्य घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

दुर्घटनाग्रस्त बस में मध्य प्रदेश और राजस्थान के श्रद्धालु सवार थे, जो चार धाम यात्रा पर जा रहे थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए श्रद्धालुओं को दूसरे वाहन से उनकी मंजिल की ओर रवाना कर दिया है। भीषण गर्मी और जंगल के बीच प्यास से बेहाल श्रद्धालुओं के लिए चीता पुलिस के सिपाही अमित और अंगेश ने शहर से पानी की दो दर्जन बोतलें मंगवाईं और उनकी प्यास बुझाई। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया था। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू रूप से शुरू किया जा सका। प्रथम दृष्टया मामला गलत ओवरटेकिंग का लग रहा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
