
ऋषिकेश
जनपद पौड़ी की नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जोंक पर मैनपॉवर सप्लाई टेंडर में करोड़ों रुपए का घपला करने का आरोप लगा है। इस घपले की जांच उच्च स्तर पर करने की मांग भी की गई है। बता दे कि क्षेत्र से पंचायत अध्यक्ष की प्रत्याशी रही हिमानी राणा के घर प्रशिक्षु अधिवक्ता शुभम झा ने पत्रकारों के साथ बातचीत की।

यहां उन्होंने तमाम प्रकार के दस्तावेजों को दिखाते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2023 से अब तक एक टेंडर से करीब पांच करोड़ रुपए का घपला किया गया है। दावा है कि इस घपले के सभी प्रमाणित दस्तावेज उनके पास मौजूद है। बताया कि इस घोटाले में अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हैं। आरोप यह भी लगाया कि इस घपले को जग जाहिर होने से रोकने के लिए उन पर क्षेत्र में जानलेवा हमला भी किया गया। कुछ लोगों ने उन पर चाकू से हमला किया है। जिसमें वह बुरी तरीके से घायल हुए हैं। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज में उनके पास मौजूद है। उन्होंने इस मामले में खुद की जान को खतरा बताया है। अंदेशा जताया कि उनकी हत्या भी की जा सकती है।

शुभम झा ने बताया कि उन्होंने अपने ऊपर हुए हमले के संबंध में लक्ष्मण झूला थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले में नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जोंक के अधिशासी अधिकारी दीपक शर्मा से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि यदि इस प्रकार के आरोप कोई लगा रहा हैं तो संबंधित व्यक्ति इसकी लिखित शिकायत दें। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। जांच में यदि तथ्य सही मिलते हैं तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
