
ऋषिकेश
सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद जब धरातल पर उतरा, तो लक्ष्मणझूला क्षेत्र में शांति भंग होने की नौबत आ गई। रविवार को दो पक्षों के बीच हुई तीखी झड़प और अराजकता फैलाने की कोशिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पिछले काफी समय से फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बहसबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था। एक-दूसरे पर विवादित टिप्पणियां करने के कारण तनाव बढ़ता गया। जिसने 10 मई को हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुट आमने-सामने आ गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना लक्ष्मणझूला पुलिस की टीम ने मोर्चा संभाला। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन एक पक्ष द्वारा लगातार उग्र व्यवहार और शांति व्यवस्था को चुनौती देने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। स्थिति बिगड़ने से पहले ही पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए अराजकता फैला रहे 5 व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शांति भंग करने के आरोप में माधव अग्रवाल निवासी जौंक, राजेश सिंह निवासी जौंक, अनीश कृष्ण बिष्ट निवासी जौंक, किशन राजपूत निवासी जौंक, अमन जुगरान निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया है।
