
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी में हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। विद्यालय प्रबंधन और हिंदुस्तान कंप्यूटर इंस्टिट्यूशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में टॉप 5 छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले समीर

नौटियाल, स्तुति मटियाल, रोबिन सिंह, तपस्या और आयुष रावत को पुष्पमाला, पटका और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। समारोह के दौरान हिंदुस्तान कंप्यूटर इंस्टिट्यूशन के निदेशक राहुल कुमार ने मेधावी छात्रों के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने टॉप 5 छात्र-छात्राओं को संस्थागत प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए संस्थान की ओर से आजीवन मुफ्त कंप्यूटर शिक्षा प्रदान करने का वादा किया। कार्यक्रम का आगाज दीप प्रज्वलित कर किया गया।

विद्यालय के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे एवं प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने कंप्यूटर संस्थान के राहुल कुमार, अंजली आर्य, शिवानी, पल्लवी, प्रिया और कुंदन को पटका एवं पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और अभिभावकगण उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।
