
ऋषिकेश
ऋषिकेश में आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में छात्र संसद एवं कन्या भारती के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभावान मेरिट होल्डर छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें हाईस्कूल के 7 और इंटरमीडिएट के 4 मेरिट होल्डर छात्र शामिल रहे। अतिथियों ने उन्हें पटका पहनाकर और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। नेतृत्व क्षमता और अनुशासन विकसित करने के उद्देश्य से गठित छात्र संसद और कन्या भारती के पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कुल 201 छात्र-छात्राओं ने शपथ ग्रहण की।

जिनमें मुख्य रूप से छात्र संसद संगठन में प्रधानमंत्री विनय कुमार, सेनापति लोकेश पंत, छात्र न्यायाधीश गौरव तिवारी, कन्या भारती प्रमुख प्रिया भट्ट, अनुशासन प्रमुख मोनालिका शर्मा और सेनापति के रूप में संध्या शामिल रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करके हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि, विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, विशिष्ट अतिथि प्रदेश निरीक्षक विनोद रावत, मेयर शंभू पासवान,

पार्षद माधवी गुप्ता, विद्यालय प्रबंधक गौरव वार्ष्णेय और प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कहा कि विद्या भारती केवल शिक्षा का केंद्र नहीं है, बल्कि यह संस्कारों की साधना है। हमारा मूल उद्देश्य ऐसे राष्ट्रभक्त और चरित्रवान नागरिक तैयार करना है जो समाज को नई दिशा दे सकें। मीडिया प्रभारी नरेंद्र खुराना ने बताया कि कक्षा 12 के छात्र यश नारंग ने देश-विदेश की प्रमुख खबरों का बुलेटिन प्रस्तुत किया। इसके अलावा विद्यालय की ओर से अतिथियों को टोपी, बैज और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का परिचय रामगोपाल रतूड़ी ने दिया और संचालन रजनी गर्ग ने किया। कार्यक्रम में पूनम अनेजा, वीरेन्द्र कंसवाल, सतीश चौहान, रविन्द्र सिंह परमार और विद्यालय का समस्त स्टाफ व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
