ऋषिकेश
उत्तराखंड की राजनीति में हॉट सीट माने जाने वाले ऋषिकेश में जैसे-जैसे ठंड की दस्तक तेज होने लगी है, वैसे-वैसे चुनाव का सियासी पारा भी चढ़ने लगा है। ऋषिकेश विधानसभा सीट से चार बार के विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर फिर से अपनी प्रबल दावेदारी ठोकी है। उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान अपने चिर-परिचित अंदाज में पांचवीं बार मैदान में उतरने की बात कही है। इस दौरान जब अग्रवाल से पांचवें टर्म को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सारा दारमदार जनता की अदालत पर छोड़ दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता किसी भी जनप्रतिनिधि को चुनने से पहले उसके विकास कार्यों, व्यवहार और सुख दुख में भागीदारी को पूरी तरह से तोलती है। अपने चार कार्यकाल का हवाला देते हुए विधायक जी ने तपाक से कहा कि वे और उनका परिवार आज भी पूरी तरह बेदाग हैं। उन्होंने चुटकीले अंदाज में सफाई दी कि उनका या उनके परिवार का नाम किसी भी अनैतिक कार्य, ठेकेदारी या शराब के व्यवसाय जैसे विवादों में नहीं है। उन्होंने खुद को जनता के बीच हर वक्त खड़ा रहने वाला जमीन नेता बताया और विश्वास जताया कि आने वाला समय फिर भाजपा और उनका ही होगा।
