
रायवाला
पुलिस ने रायवाला क्षेत्र में हुई एक चोरी की एक घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई स्कूटी और अन्य सामान बरामद किया है। रायवाला थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस प्रियव्रत जोशी ने बताया कि रायवाला निवासी श्याम अवध ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर (खेरीखुर्द) के ताले तोड़कर एक स्कूटी, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 7 मई को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने नेपाली फार्म के पास से दो संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी की गई स्कूटी और अन्य सामान बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित (22 वर्ष) और बिजेन्द्र (35 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के देवबंद क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए ही उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार बिजेन्द्र का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। इस सफल अनावरण में महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा, हेड कांस्टेबल योगेन्द्र सिंह, प्रवीण सिंधु और कांस्टेबल मुनीष कुमार व धर्मा लाल की मुख्य भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
