
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के रिहायशी इलाकों में आवारा पशुओं का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला हरिद्वार रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास हरीधाम कॉलोनी गली नंबर 4 से सामने आया है। जहां देर रात दो आवारा सांडों के बीच हुई भीषण लड़ाई ने एक कार को टक्कर मार कर बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, देर रात गली में दो सांड आपस में भिड़ गए। यह लड़ाई इतनी हिंसक थी कि वहां खड़ी एक कार उनके निशाने पर आ गई। सांडों ने लड़ते हुए कार को कई बार जोरदार टक्कर मारी। टक्करों का वेग इतना अधिक था कि भारी-भरकम कार माचिस की डिब्बी की तरह अपनी जगह से कई बार इधर-उधर खिसकती नजर आई। सुबह जब कार मालिक पंकज घर से बाहर निकले, तो वाहन की हालत देख उनके होश उड़ गए। जब उन्होंने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला, तो पूरी घटना नजर आई।
वीडियो में सांडों का तांडव और उनके पीछे भागते अन्य आवारा पशु भी साफ नजर आए। पंकज ने बताया कि कार पर गहरे डेंट पड़ने से हजारों रुपयों का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। सड़कों पर घूमते ये सांड न केवल वाहनों को नुकसान पहुँचा रहे हैं, बल्कि राहगीरों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बन गए हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए पशु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राज्य मंत्री सुरेंद्र मोघा ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। जल्द ही ग्राम प्रधान के साथ मिलकर एक टीम का गठन किया जाएगा। कॉलोनी से आवारा सांडों को पकड़कर हरिद्वार गौशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
