
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के पुराने यात्रा बस स्टैंड रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली बात को लेकर दो युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले, जिससे शांति व्यवस्था पूरी तरह भंग हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान हंगामा इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों के कपड़े तक फट गए। अर्धनग्न अवस्था में भी दोनों युवक एक-दूसरे से उलझते रहे और काफी देर तक उत्पात मचाते रहे। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन हुड़दंगियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे पुलिस के सामने भी बहस और हंगामा करते रहे। आखिरकार पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दोनों को काबू किया और कोतवाली ले आई। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि विवाद का मुख्य कारण मोबाइल बना। एक युवक नशे की हालत में था, जिसका मोबाइल सड़क पर गिर गया। दूसरे युवक ने वह मोबाइल उठा लिया, जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते इसने मारपीट का रूप ले लिया। कोतवाली पहुँचने पर दोनों युवकों का नशा उतरा और उन्होंने पुलिस से अपनी गलती के लिए माफी मांगी। पुलिस ने भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कड़ी चेतावनी देते हुए दोनों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान काटने की कार्रवाई की। कोतवाल ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में दोबारा शांति भंग की गई, तो और भी सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
