
ऋषिकेश
ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत निजी स्कूलों में शिक्षकों के वेतन में अनियमितताओं और छात्रों के लिए बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया है। उपजिलाधिकारी ऋषिकेश के माध्यम से भेजे गए इस ज्ञापन में प्रदेश में ‘मॉडल फीस एक्ट’ लागू करने की मांग की गई है। समाजसेवी आशुतोष शर्मा ने आरोप लगाते हुए बताया कि निजी स्कूलों में शिक्षकों को निर्धारित न्यूनतम वेतन भी नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनका आर्थिक शोषण हो रहा है। स्कूलों में छात्रों की संख्या के अनुपात में पीने के पानी (वाटर कूलर) और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था नहीं है। कई स्कूलों में खेल का मैदान न होने के बावजूद छात्रों से क्रीड़ा शुल्क वसूला जा रहा है। इन सभी समस्याओं के समाधान और निजी स्कूलों के नियमन के लिए प्रदेश में एक ‘मॉडल फीस एक्ट’ का निर्माण नितांत आवश्यक है। ज्ञापन पर कुशाल सिंह कलूड़ा (एडवोकेट) और आशुतोष शर्मा सहित कई स्थानीय नागरिकों व अधिवक्ताओं के हस्ताक्षर हैं।
