
ऋषिकेश
चम्पावत में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ भाजपा मंडल उपाध्यक्ष द्वारा कथित सामूहिक बलात्कार की घटना ने देवभूमि में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। इस जघन्य अपराध के विरोध में आज एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश के कोयल घाटी पर एकत्रित होकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे महानगर अध्यक्ष एनएसयूआई हिंमाशू जाटव और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरव राणा ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा अब पूरी तरह भगवान भरोसे है। जाटव ने कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जब सत्ता से जुड़े लोग ही रक्षक की जगह भक्षक बन जाएंगे, तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करेगी।

अंकिता भंडारी मामले में अगर समय रहते ठोस कार्रवाई हुई होती, तो आज चम्पावत जैसी हृदयविदारक घटना देखने को न मिलती। युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा और महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने सरकार पर केवल बयानबाजी करने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि दोषियों को जल्द से जल्द फांसी नहीं दी गई और निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो संगठन पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ने के लिए विवश होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण ही अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रदर्शनकारियों ने एक सुर में प्रशासन से दोषियों को तत्काल फांसी की सजा दिलाने के लिए मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनिश्चित करने और पीड़िता के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बेटी बचाओ बेटी को न्याय दिलाओ और महिला विरोधी सरकार जवाब दो जैसे नारों के साथ माहौल को गरमाए रखा। विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष सनी प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष विशाल स्नेह, पूर्व प्रदेश महासचिव सौरभ वर्मा, पूर्व छात्रसंघ महासचिव माधवेन्द्र मिश्र, छात्रसंघ महासचिव अभिषेक कुमार त्रिसूलिया, छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल, मानव रावत, शिवानी नेगी, सृष्टि, रेहान बंदोलिया, वेदांग, सुंदर, आशीष, अतुल, रोहित सोनी और सिद्धार्थ सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
