
रायवाला
उत्तराखंड में जिस पुलिस के कंधों पर पूरे शहर की सुरक्षा और अपराधियों में खौफ पैदा करने की जिम्मेदारी है, उस पुलिस की नाक के नीचे एक हैरान कर देने वाली वारदात हुई है। मामला रायवाला कोतवाली का है। जहां कोतवाली परिसर से एक स्कूटी चोरी होने की घटना सामने आई है। इस घटना ने पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। बड़ा सवाल यह उठता है कि जब पुलिस कोतवाली ही सुरक्षित नहीं है, तो शहर की सुरक्षा कैसे होगी। पुलिस के मुताबिक मामला 1 मई 2026 का है। जब कोतवाली रायवाला के मालखाना मोहर्रिर, हेड कांस्टेबल गिरीश भट्ट ने देखा कि माल मुकदमाती में खड़ी स्कूटी अपनी जगह से गायब है। जब पुलिस ने थाना परिसर के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो उनके होश उड़ गए। फुटेज में साफ तौर पर दिखाई दिया कि रात के अंधेरे में दो अज्ञात चोर बेखौफ होकर थाना परिसर के आवासों के पीछे से आए और स्कूटी को स्टार्ट करके ले गए। पुलिस की अपनी ही नाक के नीचे हुई इस चोरी की घटना ने महकमे में हड़कंप मचा दिया। इस घटना के बाद आनन-फानन में 2 मई 2026 को हेड कांस्टेबल गिरीश भट्ट के बयान के आधार पर कोतवाली रायवाला में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सुरागरसी-पतारसी का जाल बिछाया और आखिरकार पुलिस को सफलता मिली। तीन पानी फ्लाईओवर के पास से चोरी की स्कूटी के साथ एक 18 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान विदित पाहवा उर्फ राहुल निवासी मान सरोवर कॉलोनी भट्टोवाला गुमानीवाला ऋषिकेश के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ करने के बाद उसके साथी की भी तलाश की जा रही है।
