
काशीपुर
कोतवाली आईटीआई पुलिस और एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देशों के तहत एक सनसनीखेज हत्याकांड का मात्र 36 घंटों में खुलासा हुआ है। अवैध संबंधों के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि 1 मई को चंद्रवती ने थाना आईटीआई में तहरीर दी कि उनका बेटा कुलवन्त सिंह 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी के पास जाने के बाद से लापता है। उन्हें अपनी बहू पर संदेह है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच में सामने आया कि पत्नी गुड्डी का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या के साथ प्रेम प्रसंग था। कुलवन्त शराब पीने का आदी था और उनके रास्ते का कांटा बन रहा था। 25 अप्रैल को आरोपी महिला ने अपने प्रेमी से जहर और शराब मंगवाई। जहर मिली शराब पिलाकर पति की हत्या की। जिसके बाद शव को कार में रखकर तुमड़िया डैम से निकलने वाली नहर में फेंक दिया। मृतक कुलवन्त सिंह के शव की बरामदगी के लिए पुलिस और SDRF की टीम नहर क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।
