
मुनिकीरेती
चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के मद्देनजर टिहरी पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत पिछले 15 दिनों में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने नियमों को ताक पर रखने वाले 40 लोगों को गिरफ्तार किया है और 81 वाहनों को सीज किया।

1582 वाहनों के चालान भी किए हैं। इनमे सबसे ज्यादा कार्रवाई मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में हुई है। एसएसपी ने बताया कि नशे में वाहन चलाने पर 40, रैश ड्राइविंग पर 173, काली फिल्म लगाने पर 303, बिना नंबर प्लेट 1047, हूटर लगाने पर 147 वाहनों के खिलाफ एक्शन हुआ है। आज भी शिवपुरी में चौकी प्रभारी विनोद कुमार की टीम ने काली फिल्म लगे वाहन पर कार्रवाई की है। ट्रैफिक इंचार्ज नदीम अतहर और अनिल नेगी की टीम लगातार ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने में लगी है। पुलिस कप्तान ने कार्रवाई से बचने के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है।

एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुगम यातायात पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नशे में गाड़ी चलाना, रैश ड्राइविंग, और काली फिल्म का उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्ती आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने सभी वाहन चालकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे यातायात के नियमों का पूरी तरह पालन करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
