
ऋषिकेश
ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन के साथ-साथ रेल सेवाओं को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। आंधी के प्रकोप के कारण रेलवे ट्रैक के पास एक विशाल पेड़ उखड़कर गिर गया। जिसकी चपेट में आने से 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन टूट गई। जिसके कारण रेल संचालन ठप हो गया और दो ट्रेनों को घंटों देरी का सामना करना पड़ा।

रेलवे प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 11 बजे के आसपास अचानक तेज अंधड़ चलने लगा। अंधड़ चलने से हरिद्वार ऋषिकेश के बीच गुमानीवाला में रेलवे ट्रैक पर एक पेड़ 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन को तोड़ते हुए गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया। किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए तुरंत संबंधित ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही को रोक दिया गया। जिसके कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। फिलहाल रेलवे के तकनीकी कर्मचारी और अधिकारी युद्ध स्तर पर लाइन को ठीक करने और ट्रैक से पेड़ हटाने में जुटे हैं। मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी टीम पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही है। क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। ट्रेनों और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। लाइन को दुरुस्त करने का काम अंतिम चरण में है और जल्द ही रेल संचालन पूरी तरह से बहाल कर दिया जाएगा।
