
मुनिकीरेती
जनपद टिहरी में चार धाम यात्रा मार्ग पर आपातकालीन स्थितियों से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस का रिस्पांस टाइम अब और अधिक बेहतर हो जाएगा। पुलिस मुख्यालय और सीएसआर फंड के माध्यम से मिली 11 नई पेट्रोलिंग बाइक को मुनिकीरेती में भद्राकाली पुलिस चौकी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन सभी वाहनों को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से हूटर, माइक और इमरजेंसी लाइट की सुविधा है। एसएसपी श्वेता चौबे ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा किचार धाम यात्रा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं को जनपद टिहरी में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए निरंतर प्रयास हैं। इन वाहनों के मिलने से ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटनाओं और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस का रिस्पांस टाइम और ज्यादा बेहतर होगा। पुलिस कप्तान ने चार धाम यात्रा के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे पुलिसकर्मियों की हौसला अफजाई भी की। इस अवसर पर एडिशनल एसपी दीपक सिंह, सीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी, कोतवाल प्रदीप चौहान सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
