
देहरादून
मौसम विभाग द्वारा राज्य में संभावित खराब मौसम और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जनपदों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 02 मई से 06 मई, 2026 तक राज्य के सभी जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने की संभावना है। आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
किन जिलों में कैसा रहेगा मौसम?
ऑरेंज अलर्ट (04 और 05 मई, 2026): देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर। इन जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि, तेज बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
ऑरेंज अलर्ट (05 मई, 2026): उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़। इन पर्वतीय जिलों में भी ओलावृष्टि, तेज बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
येलो अलर्ट (02 से 06 मई, 2026): राज्य के अन्य सभी जनपदों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आपदा प्रबंधन सचिव के निर्देश
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जनपदों को उच्च सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख दिशा-निर्देश इस प्रकार हैं। यातायात और मार्ग बहाली। राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमजीएसवाई और बीआरओ को मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तुरंत बहाली करने को कहा गया है।
ट्रेकिंग पर नियंत्रण: पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटकों और ट्रेकर्स की सुरक्षा के लिए ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राम स्तर तक के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने, आपदा उपकरणों को तैयार रखने और संचार माध्यमों को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे न जाएं। आपातकालीन स्थिति में संबंधित जिले के आपातकालीन परिचालन केंद्र से संपर्क करें।
