
ऋषिकेश
चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले भीषण जाम से निपटने के लिए मुनिकीरेती थाना पुलिस ने एक नई और शानदार पहल की है। मुनिकीरेती क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस ने 12 ऊर्जावान ट्रैफिक वॉलिंटियर्स को मैदान में उतारा है। भद्राकाली पुलिस चौकी पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान, पुलिस कप्तान श्वेता चौबे ने इन सभी 12 वॉलिंटियर्स को जिम्मेदारी सौंपी। इस मौके पर उन्हें आधिकारिक पहचान के रूप में टी-शर्ट, टोपी और आईडी कार्ड प्रदान किए। वॉलिंटियर्स के हौसले को बढ़ाते हुए पुलिस कप्तान ने कहा कि यात्रा के समापन पर बेहतरीन काम करने वाले वॉलिंटियर्स को सम्मान और इनाम दिया जाएगा।

कप्तान ने सभी को लगन और निष्ठा के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस कप्तान के हाथों किट और पहचान पत्र पाकर वॉलिंटियर्स काफी उत्साहित दिखाई दिए। उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी करने का संकल्प लेते हुए कहा कि वे मुस्तैदी के साथ यातायात को नियंत्रित करेंगे और पुलिसकर्मियों से भी बेहतर प्रदर्शन करके दिखाएंगे। कोतवाल प्रदीप चौहान के मुताबिक यह वॉलिंटियर्स तपोवन, ब्रह्मानंद मोड़, भद्रकाली, जानकी झूला चौक और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अपनी सेवा देंगे।
