
ऋषिकेश
शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके ऋषिकेश के वरिष्ठ शिक्षाविद और समाजसेवी नरेन्द्र खुराना के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित संस्था सनराइज एजुकेशनल वेलफेयर एसोसिएशन गोरखपुर द्वारा उन्हें ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर राष्ट्रीय अवॉर्ड से नवाजा गया है। भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में नरेन्द्र खुराना को यह सम्मान उनके द्वारा शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान के लिए दिया गया है। गौरतलब है कि इस संस्था द्वारा उन्हें चौथी बार सम्मानित किया गया है, जो उनके निरंतर सेवा भाव को दर्शाता है। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास ऋषिकेश में वाणिज्य संकाय के वरिष्ठ अध्यापक और मीडिया प्रभारी के रूप में कार्यरत नरेन्द्र खुराना छात्रों के बीच कॉमर्स के जादूगर और रॉल मॉडल के रूप में विख्यात हैं। पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से वाणिज्य विषय में 100% रिजल्ट देने का रिकॉर्ड उनके नाम है। वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक सैकड़ों सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। शिक्षक होने के साथ-साथ वे एक लेखक, समाजसेवी और कई संगठनों में नि:शुल्क मीडिया सलाहकार के रूप में भी सक्रिय हैं। नरेंद्र खुराना ने इस सफलता का संपूर्ण श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, शुभचिंतकों और छात्रों को दिया है। ऋषिकेश के एक शिक्षक को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से स्थानीय शिक्षा जगत और सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर है। उनकी इस उपलब्धि पर नगर के विभिन्न प्रबुद्ध जनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
