
ऋषिकेश
ऋषिकेश में ठगों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला त्रिवेणी घाट पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जहां एक अज्ञात शातिर ने मदद का झांसा देकर एटीएम बूथ के अंदर एक युवक का कार्ड बदल लिया और चंद मिनटों में खाते से 10 हजार रुपये साफ कर दिए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ऋषिकेश निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक की हरिद्वार रोड शाखा में है। आज दोपहर करीब 1 बजे बजे वह बैंक के एटीएम बूथ पर नकदी निकालने गए। जब वह एटीएम के अंदर ट्रांजैक्शन कर रहे थे, तभी एक अनजान शख्स मदद करने के बहाने उनके करीब आ गया। शातिर ने बड़ी सफाई से धोखे में उनका असली एटीएम कार्ड बदल लिया। कार्ड बदलने के तुरंत बाद, उस शातिर ने एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर उनके बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर जब पैसों के कटने का मैसेज आया, तब पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पीड़ित ने त्रिवेणी घाट पुलिस चौकी में लिखित प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज करने की गुहार लगाई है। इसके साथ ही, उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की हरिद्वार रोड शाखा के प्रबंधक से अनुरोध किया है कि घटना के समय की एटीएम सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखा जाए। जिससे शातिर आरोपी की पहचान हो सके और उसे जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
