
ऋषिकेश
गढ़ महिला उत्थान समिति, ऋषिकेश की ओर से आगामी 15 नवंबर को पहली बार भव्य ऋषिकेश कीर्तन गौरव-2026 प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ मातृशक्ति की प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करना है। समिति की उपाध्यक्ष संगीता राणा और सचिव कृष्णा रमोला ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए विधानसभा क्षेत्र की 50 से अधिक कीर्तन मंडलियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता की खास बात यह है कि सभी प्रतिभागी महिलाएं अपनी पारंपरिक वेशभूषा और लोकभाषा में भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेंगी। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में आने वाली पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, लोकभाषा और संस्कारों से जोड़े रखना बेहद जरूरी है। मातृशक्ति ही संस्कृति की सबसे मजबूत वाहक है और कीर्तन मंडलियां समाज में आपसी एकता व समरसता का संदेश देती हैं।
तीन चरणों में संपन्न होगी प्रतियोगिता
समिति की सांस्कृतिक सचिव शशि रावत और प्रशिक्षण सचिव ईशा चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन हरिद्वार रोड, खैरी खुर्द स्थित अनिल फार्म में किया जाएगा। सभी प्रतिभागी मंडलियों के लिए सुबह 9 बजे तक स्थल पर पहुंचना अनिवार्य है, जबकि प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा।
प्रतियोगिता को तीन चरणों में बांटा गया है
प्रथम चरण: सभी मंडलियों को पांच समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक मंडली को अपनी पसंद के भजन के लिए 3 मिनट का समय मिलेगा। निर्णायक मंडल वेशभूषा, गायन, सुर-ताल, अनुशासन और समय की पाबंदी के आधार पर अंक देगा। इसमें से 20 श्रेष्ठ मंडलियां अगले दौर में जाएंगी।
द्वितीय चरण: चयनित 20 मंडलियों को 3-3 मिनट में प्रादेशिक भाषा में भजन प्रस्तुत करना होगा, जिसमें से शीर्ष 5 मंडलियां फाइनल में प्रवेश करेंगी।
अंतिम चरण: फाइनल में पहुंची पांचों मंडलियों को निर्णायक मंडल की ओर से मौके पर विषय (टॉपिक) दिए जाएंगे, जिस पर उन्हें 5 मिनट की प्रस्तुति देनी होगी।
विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार प्रतियोगिता के समापन पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मंडलियों के साथ-साथ दो सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इसके अलावा, भाग लेने वाली सभी कीर्तन मंडलियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम संचालक अलका क्षेत्री और कोषाध्यक्ष उमा ओबरॉय ने सभी प्रतिभागी मंडलियों से पूरे उत्साह, भक्तिभाव और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
