
लक्ष्मणझूला
योगनगरी क्षेत्र को नशे की गिरफ्त में धकेलने की एक बड़ी साजिश को लक्ष्मणझूला पुलिस ने नाकाम कर दिया है। यूपी के बरेली से भारी मात्रा में स्मैक लाकर यहां के पर्यटकों और युवाओं के बीच खपाने की फिराक में घूम रहे दो शातिर तस्करों को पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपियों के पास से 7.63 ग्राम स्मैक, एक स्कूटी और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि आज लक्ष्मणझूला पुलिस भीमगोड़ा बैराज तिराहा पर मुस्तैदी से वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी स्कूटी सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर हड़बड़ा गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया। जब उनकी तलाशी ली गई, तो इनके कब्जे से स्मैक बरामद हुई। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे उत्तर प्रदेश के रामपुर-बरेली रूट से यह खतरनाक नशा सस्ते दामों में लाते है। इसके बाद योगनगरी आने वाले पर्यटकों, यात्रियों और स्थानीय युवाओं को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों में बेचते है। तस्करों की पहचान सूरज पूरी और राहुल रावत के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी और दोनों मोबाइलों को सीज कर दिया गया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य गुर्गों की तलाश में जुट गई है। न्यायालय में पेश करने के बाद इन्हें जेल भेज दिया गया है।
