
ऋषिकेश
ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आईडीपीएल चौकी क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और राजकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना का विवरण: दिनांक 02 नवंबर 2026 को कोतवाली ऋषिकेश की आईडीपीएल चौकी क्षेत्र के लेबर कॉलोनी/कृष्णानगर में चीता मोबाइल ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल रमेश मैठाणी क्षेत्र में गश्त पर थे। क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की सूचना मिलने पर दोनों पुलिसकर्मी लेबर कॉलोनी में स्थित सोनिया उर्फ गुड्डी पत्नी दलविंदर सिंह के घर के पास चौराहे पर पहुंचे।
इसी दौरान दलविंदर सिंह पुत्र मोहन सिंह वहां पहुंचा और पुलिसकर्मियों के वहां मौजूद रहने पर आपत्ति जताते हुए उनके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगा। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाने का प्रयास करने पर वह और अधिक उग्र हो गया और अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें वहां से भगाने का प्रयास किया।
एक्सीलेटर घुमाकर गिराया: पुलिसकर्मी जब आरोपी को नियंत्रित कर चौकी आईडीपीएल ले जा रहे थे, तभी लेबर कॉलोनी स्थित विश्वकर्मा चौक के पास मोटरसाइकिल पर बीच में बैठे दलविंदर सिंह ने अचानक हाथ बढ़ाकर बाइक का एक्सीलेटर घुमा दिया। इससे बाइक की गति अचानक बढ़ गई और वह अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे उस पर सवार सभी लोग नीचे गिर गए। इसके बाद भी आरोपी ने पुलिसकर्मियों के साथ दोबारा गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मियों ने अपना मेडिकल परीक्षण कराया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा: पुलिसकर्मियों की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में आरोपी दलविंदर सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 221, 132 और 121(1) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
आरोपी और उसकी पत्नी का लंबा आपराधिक इतिहास: पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी दलविंदर सिंह और उसकी पत्नी सोनिया उर्फ गुड्डी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
- दलविंदर सिंह पर पूर्व में आबकारी अधिनियम के तहत 5 मुकदमे दर्ज हैं, और अब ताजा मामला (मु0अ0सं0 574/2026) जुड़ने के बाद कुल 6 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
- वहीं, आरोपी की पत्नी सोनिया उर्फ गुड्डी पर भी आबकारी अधिनियम और गुंडा एक्ट सहित कुल 16 आपराधिक मुकदमे (वर्ष 2009 से लेकर 2026 तक) दर्ज हैं।
ऋषिकेश कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि पुलिस ने मामले में अपनी जांच को आगे बढ़ना शुरू कर दिया है आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
