
ऋषिकेश
ऋषिकेश के निकट गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी में अभिभावक अध्यापक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमे शैक्षणिक सत्र 2026-27 का अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम भी घोषित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य मंत्री गिरीश डोभाल, भाजपा नेत्री चारु माथुर कोठारी, किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक विनोद शास्त्री और व्यापार मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने दीप प्रज्वलित करके किया। इस दौरान स्कूल के छात्रों ने कई मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया और अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्कूल के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने बताया कि विद्यालय के विकास में सहयोग देते हुए मुख्य अतिथि चारु माथुर कोठारी ने 100, प्रतीक कालिया ने 31, विनोद शास्त्री ने 25 कुर्सियां भेट की।

जबकि राज्य मंत्री गिरीश डोभाल ने आर्थिक धनराशि भेंट की। संस्थापक डॉ. दर्शन लाल उनियाल, प्रबंधक किशोरी लाल बहुगुणा, प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल एवं उप-प्रधानाचार्य मोहन सिंह नेगी ने अतिथियों को पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। बैठक के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, उपलब्धियों एवं सुधार के क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने जोर दिया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों का निरंतर समन्वय आवश्यक है।
